October 2, 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वंचित और उपेक्षित वर्गों को सम्मान व अधिकार दिलाने का कार्य किया‌: केशव प्रसाद मौर्य

0

लखनऊ स्थित विश्वेश्वरैया सभागार में बुधवार को आयोजित बांसकार समाज (धरकार, बांसफोड, बसोर) के महासम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बांसकार समाज सहित समाज के सभी वर्गों के सम्मान, स्वाभिमान और सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का मूल भाव सबका साथ, सबका विकास है और समाज के किसी भी वर्ग के साथ भेदभाव किए बिना उसकी समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है।उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में आमंत्रित किए जाने पर आयोजकों और बांसकार समाज के लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि समाज अपने अधिकारों, सम्मान और विकास के प्रति जागरूक है। उन्होंने महासम्मेलन की सफलता के लिए आयोजकों और उपस्थित जनसमुदाय को बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता में समाज की सहभागिता महत्वपूर्ण होती है और आज सभागार के अंदर तथा बाहर बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति आयोजकों का मनोबल बढ़ाने वाली है।उपमुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि वह ग्रामीण परिवेश से आते हैं और बचपन से ही समाज के सभी वर्गों के बीच रहने तथा उनकी समस्याओं को समझने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने हमेशा जाति और वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर सभी के बीच जाने, उनकी समस्याओं को समझने तथा उनका यथासंभव समयबद्ध समाधान कराने की भावना को देखा और अपनाया है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में ऐसी शासन व्यवस्था आगे बढ़ रही है, जिसमें समाज के उन वर्गों को भी सम्मान और अवसर मिल रहा है, जिन्हें लंबे समय तक अपेक्षित स्थान नहीं मिला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं गरीब परिवार से निकलकर देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचे हैं और समाज के गरीब, वंचित एवं श्रमजीवी वर्गों की पीड़ा को समझते हैं।उप मुख्यमंत्री ने प्रयागराज कुंभ-2019 का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने कुंभ में सफाई कर्मचारियों के चरण पखारकर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। भारत सरकार के आधिकारिक अभिलेखों के अनुसार प्रधानमंत्री ने कुंभ में पांच सफाई कर्मचारियों के पैर धोकर उनका सम्मान किया था। उन्होंने कहा कि यह केवल एक व्यक्तिगत सम्मान का अवसर नहीं था, बल्कि समाज को यह संदेश देने वाला प्रसंग था कि कोई भी व्यक्ति अछूत नहीं है और हर श्रम तथा हर कार्य का अपना सम्मान है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया गया। स्वच्छता केवल सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री द्वारा स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश देने से देशभर में जनभागीदारी की भावना मजबूत हुई है।उपमुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में सेवा और स्वच्छता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।उप मुख्यमंत्री ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं अभाव और संघर्ष का जीवन देखा है। कच्चे घर में रहना, छप्पर और पन्नी के सहारे जीवन बिताना तथा बरसात के दिनों में टपकती छत के नीचे परिवार के संघर्ष को उन्होंने करीब से महसूस किया है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवार से आने वाला व्यक्ति ही उन कठिनाइयों को गहराई से समझ सकता है और यही अनुभव गरीब, वंचित तथा जरूरतमंद लोगों के जीवन में बदलाव लाने के संकल्प को और मजबूत करता है।उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार का प्रयास है कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिले। बांस शिल्प से जुड़े परिवारों की पारंपरिक कला और हुनर को नई तकनीक, बाजार और रोजगार के अवसरों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।उपमुख्यमंत्री मौर्य ने बांसकार समाज से अपनी पारंपरिक कला और हुनर को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा आधुनिक बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार और समाज के सामूहिक प्रयासों से परंपरागत कौशल को आर्थिक सशक्तीकरण का माध्यम बनाया जा सकता है।उप मुख्यमंत्री ने महासम्मेलन में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की एकजुटता और सकारात्मक सहभागिता ही विकास की गति को और तेज करती है। उन्होंने बांसकार समाज के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक , विधान परिषद के सदस्य डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल , राज्य सफाई कर्मचारी आयोग, असम के अध्यक्ष बैजनाथ बांसफोड़ , पूर्व विधायक व बांस शिल्प कला बोर्ड, मध्य प्रदेश के अध्यक्ष घनश्याम पिरोनिया एवं अन्य प्रतिष्ठितजन की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *